उद्योग विभाग के महाप्रबंधक 50 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार
अररिया के जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों दबोचे गए हैं। यह गिरफ्तारी 17 लाख रुपये की मशीन उपलब्ध कराने के एवज में हुई है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अररिया में बड़ी कार्रवाई की है। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल 50 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़े गए हैं। यह कार्रवाई अररिया शहर के उनके शिवपुरी आवास से हुई है। गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम आरोपी अफसर को पूछताछा के लिए और आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ पटना ले गई है।
अररिया में हुई इस घटना के बाद से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। निगरानी ब्यूरो को यह सफलता क्षेत्र के एक पीडित व्यवसायी की शिकायत और निशानदेही पर मिली है। शिकायत के बाद निगरानी विभाग ने मामले की गुप्त जांच कराई। मामले को सही पाया गया। इसके बाद निगरानी की स्पेशल टीम ने जाल बिछा कर रंगे हाथों दबोच लिया।
अररिया नगर थाना क्षेत्र के बनगामा निवासी मोहम्मद कमरे आलम ने निगरानी ब्यूरो को शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें 17 लाख रुपये कीमत वाले मशीन उपलब्ध कराने के एवज में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल ने 50 हजार रुपये घूस की मांग की थी।
छापेमारी टीम का नेतृत्व कर रहे निगरानी विभाग के डीएसपी सतीश चंद्र माधव ने कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। अग्रिम कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें पटना लाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0