बिहार में जल्द बनेगा दूसरा टाइगर रिजर्व, केंद्र को गया प्रस्ताव

बिहार में एक नए टाइगर रिजर्व बनाने की तैयारी शुरू है। बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने कैमूर वन्यप्राणी आश्रयणी को टाइगर रिजर्व बनाने का प्रस्ताव को अंतिम रूप दे दिया है।

Jan 15, 2026 - 07:58
 0  0
बिहार में जल्द बनेगा दूसरा टाइगर रिजर्व, केंद्र को गया प्रस्ताव
सांकेतिक तस्वीर

बिहार के कैमूर जिले के लिए अच्छी ख़बर है। अगर सब कुछ ठीकठाक रहा तो कैमूर जिला बिहार का दूसरा टाइगर रिजर्व बन सकता है। पश्चिमी चम्पारण में पहले से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व मौजूद है। बिहार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने इसके लिए संशोधित प्रस्ताव का खाका तैयार कर लिया है। विभाग की मंजूरी मिलने के बाद इसे केंद्र के राष्ट्रीय व्याघ्र संरक्षण प्राधिकरण को भेजा जा रहा है। 

बता दें कि कैमूर के जंगलों में बाघ का अस्तित्व होने के ठोस प्रमाण लंबे समय से मिलते आ रहे हैं। साल 2018 से लेकर 2020 के बीच कई बार यहां बाघों के आवागमन की पुष्टि हुई थी। उस समय तत्कालीन डीएफओ सत्यजीत प्रसाद की पहल पर बाघों के पदचिन्ह, मल और दूसरी निशानदेहियों के आधार पर प्राथमिक रिपोर्ट तैयार की गई थी। 

इसके बाद वर्ष 2022 में सेंट्रल टीम ने इलाके का निरीक्षण किया था। ड्रोन से सर्वे किया गया था। उसी आधार पर संशोधित नक्शा तैयार किया गया और नया प्रस्ताव केंद्र को भेजा जा रहा है। 

संशोधित और नए प्रस्ताव के अनुसार कैमूर टाइगर रिजर्व का क्षेत्रफल काफी बड़ा होगा। 450 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र कोर जोन बनाया जाएगा जहां इंसानों का आवागमन पूर्णतः वर्जित रहेगा। वहीं 1050 वर्ग किलोमीटर का इलाका बफर जोन होगा जहां इलाके के दूसरे पर्यटन स्थल शामिल होंगे। 

अब इंतजार इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार की हरी झंडी का है। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो इसी साल से कैमूर के वन्य क्षेत्र में बाघों को उतारा जा सकता है। यह कदम पर्यावरण संतुलन, बाघों के संरक्षण और कैमूर में पर्यटन को मजबूती प्रदान करने वाला है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0