अब बिहार में भी किसान आंदोलन की आहट, राकेश टिकैत का ऐलान
किसान नेता राकेश टिकैत ने बिहार में किसान आंदोलन का आह्वान किया है। उन्होंने बिहार के किसानों से एकजुट होने की अपील की है।
बिहार किसान आंदोलन के मुहाने पर खड़ा है। बिहार में भारतीय किसान यूनियन की दस्तक हो चुकी है। मुद्दा किसानों की जमीन का है। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने बिहार में किसान आंदोलन का आह्वान किया है। राकेश टिकैत की मांग है कि सरकारी कार्य हेतु ली जा रही किसानों की जमीन का उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
राकेश टिकैत ने बिहार सरकार से बिहार सिटी डेवलपमेंट एक्ट को वापस लेने की मांग की है। बता दें कि बिहार में किसान प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के लिए कृषि योग्य भूमि लिए जाने का विरोध कर रहे हैं। टिकैत ने कहा कि बिहार के किसानों को अपने हक के लिए लड़ना होगा।
राकेश टिकैत ने स्वीकार किया कि बिहार में किसान आंदोलन अभी कमजोर है। उन्होंने आह्वान किया कि बिहार से बाहर काम करने वाले लोग जहां भी रह रहे हैं, वो वहां से ही इस आंदोलन का समर्थन करें। टिकैत के अनुसार बिहार के किसान मुद्दे को समझ चुके हैं। अब वो अपने हक के लिए आंदोलन की ओर रुख करेंगे।
टिकैत ने बिहार की कृषि मंडियों और बाजार समितियों का मसला उठाया और कहा कि इनके बंद होने से किसान पहले ही कमजोर हुए हैं और अब किसानों की जमीन लिए जाने की बात सामने आ रही है। राकेश टिकैत ने बिहार सिटी डेवलपमेंट एक्ट को वापस लेने की मांग करते हुए कहा है कि कृषि योग्य भूमि लेने की बजाय गांवों के विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0