अकेले खान सर नहीं, बल्कि पटना के ये 05 शिक्षक भी हैं फेमस...
यहां के शिक्षक बीपीएससी, एसएससी, बिहार पुलिस, इंजीनियरिंग, मेडिकल, रेलवे, बैंकिंग की तैयारी के लिए पूरे भारत में चर्चित हैं
देश दुनिया में बिहार की छवि चाहे जैसी भी हो लेकिन यहां की राजधानी पटना आज भी शिक्षा के एक बड़ें केंद्र के रुप में अपनी पहचान रखता है। हर साल हजारों छात्र सरकारी नौकरी की उम्मीद लेकर पटना आते हैं। यहां पर सीमित संसाधनों में अपनी तैयारी करते हैं और संघर्ष के बाद उनमें से कईयों को अपनी मंजिल मिल ही जाती है।
इसके पीछे पटना में चल रहे कोचिंग संस्थानों और उनके शिक्षकों की भी बड़ी भूमिका होती है। इनमें से कई शिक्षक तो ऐसे हैं जो इन छात्रों के लिए सेलिब्रिटी की तरह होते हैं। यहां के शिक्षक बीपीएससी, एसएससी, बिहार पुलिस, इंजीनियरिंग, मेडिकल, रेलवे, बैंकिंग की तैयारी के लिए पूरे भारत में चर्चित हैं। इनमें से खान सर सबसे बड़ा नाम है लेकिन पटना को शिक्षा के केंद्र के रुप में प्रतिष्ठित करने वालों में अकेले खान सर नहीं है बल्कि कुछ और शिक्षक हैं जिनके संस्थानों में तैयारी कर छात्र अपने सपनों को साकार कर रहे हैं।
1. खान सर के बाद एक बड़ा नाम गुरु रहमान का है। गुरु रहमान का भी पढ़ाने का अपना अलग अंदाज है। परीक्षा में गड़बड़ी हो, पेपर लीक का मामला हो या फिर छात्रों की दूसरी समस्याएं हो, गुरु रहमान बेबाक अंदाज में हर मुद्दे पर खुल कर बोलते हैं। गुरु रहमान की खासियत है कि वो पढ़ाई के अतिरिक्त छात्रों को टाइम मैनेजमेंट, परीक्षा की रणनीति, मानसिक तैयारी पर भी जोर देते हैं। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो खूब पसंद किए जाते हैं। आर्थिक रुप से कमजोर बच्चों को भी सहारा देने से गुरु रहमान कभी पीछे नहीं हटतें।
2. रौशन आनंद सर का नाम भी हाल के कुछ सालों में बेहद लोकप्रिय हुआ है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों में उनका काफी क्रेज देखा जाता है। उनके पढ़ाने का तरीका काफी सरल और समझने में आसान जैसा होता है। थोड़े कमजोर और मध्यम गति वाले बच्चे भी उनके यहां पढ़कर सफल हो जाते हैं। इनके कोचिंग का नाम बिंदु जीएस एकेडमी हैं। रौशन आनंद सर के कोचिंग को दारोगा फैक्ट्री के नाम से जाना जाता है। वो रटाने की बजाय विषय की गहराई से समझने पर जोर देते हैं। सोशल मीडिया पर भी रौशन आनंद सर काफी लोकप्रिय हैं।
3. इनमें एक बड़ा नाम आनंद सर का भी है। आनंद कुमार पटना के शिक्षा जगत का एक ऐसा नाम हैं जिन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बिहार की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। सुपर 30 की शुरुआत उन्होंने ही की थी जिसमें गरीब और कमजोर वर्ग से ओने वाले बच्चों को आईआईटी की तैयारी कराने का काम किया था। उनकी मेहनत और मार्गदर्शन की हर जगह सराहना होती है। आनंद सर पर तो बाकायदा सुपर 30 के नाम से फिल्म भी बनी। अभी वो सुपर इनफिनिटी के नाम से नए संस्थान का संचालन कर रहे हैं।
4. पूर्व आईपीएस अधिकारी अभयानंद की भी इस क्षेत्र में काफी प्रतिष्ठा है। वो लंबे समय से गरीब लेकिन प्रतिभाशाली बच्चों को अच्छा अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहे हैं। वो गणित के विशेषज्ञ माने जाते हैं। उनके यहां पढ़ने वाले छात्रों को पढ़ाई के साथ ही अनुशासन और कड़ी मेहनत भी सिखाई जाती है। वो सुपर 30 के नाम से कोचिंग का संचालन कर रहे हैं। आज उनके मार्गदर्शन की वजह से बड़ी संख्या में छात्रों ने सफलता हासिल की है।
5. रेलवे, बैंकिंग के साथ ही दूसरे प्रतियोगी परीक्षाओं और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने वाले शिक्षकों में एसके झा भी छात्रों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। उनके पढ़ाने की अपनी अलग शैली है। बिहार के अलावा झारखंड, यूपी और पड़ोसी देश नेपाल से भी बच्चे उनके यहां पढ़ने पहुंचते हैं। रेलवे की परीक्षाओं के लिए एसके झा विशेषज्ञ माने जाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0