बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव : 66% लोगों ने वोटिंग ही नहीं किया !
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान की रफ्तार सुस्त रही। शाम 5 बजे तक चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सिर्फ 33.57% मतदान हो सका।
छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। शाम 5 बजे चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 33.57% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आखिरी आंकड़े आने तक मतदान प्रतिशत में आंशिक बढ़ोतरी के आसार हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा और जनसुराज के प्रशांत किशोर के बीच रहा। राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता अंतिम समय तक मुकाबले से बाहर दिखाई पड़ी, हालांकि वो पूरी मजबूती के साथ मैदान में डटी रहीं। राजद के परम्परागत वोटरों में फूट दिखाई पड़ी तो भाजपा के समर्थकों का एक वर्ग भी प्रशांत किशोर के साथ दिखाई पड़ा।
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र को भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार इस सीट से लगभग एकतरफा मुकाबले में जीतते आ रहे थें। उनके राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने की वजह से यह सीट खाली हुई थी, इस वजह से यहां उपचुनाव हुआ।
लंबे समय के बाद इस क्षेत्र में चुनावी मुकाबला देखने को मिला। प्रशांत किशोर ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी है। बीते विधानसभा चुनाव में जनसुराज ने इस सीट से वंदना कुमारी को टिकट दिया था। वह लगभग 7500 वोट लाकर तीसरे स्थान पर थीं। इस बार जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर स्वयं उम्मीदवार थें, इस वजह से यह सीट चर्चा में रही।
मतदान संपन्न हो जाने के बाद सभी पक्ष अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं लेकिन ऊंट किस करवट बैठा है, यह 03 अगस्त को मतगणना के बाद ही साफ हो सकेगा लेकिन इतना तो तय है कि पहली बार बांकीपुर सीट पर भाजपा को कड़ी टक्कर मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0