मुंबई में बन रहे " बिहार भवन " पर घमासान, राज ठाकरे के बिगड़े बोल

राज ठाकरे ने मुंबई में बन रहे बिहार भवन पर आपत्ति जताई है। इसके बाद बिहार से भी करारा जवाब मिला है। मनसे के विरोध के बावजूद भाजपा और जदयू ने साफ कर दिया है कि मुंबई में बिहार भवन हर हाल में बनेगा।

Jan 22, 2026 - 09:26
 0  0
मुंबई में बन रहे " बिहार भवन " पर घमासान, राज ठाकरे के बिगड़े बोल

बीते दिनों बिहार कैबिनेट ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बिहार भवन के निर्माण पर मुहर लगाई थी। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे को बिहार भवन के निर्माण पर आपत्ति है। राज ठाकरे को शिवसेना का भी समर्थन मिला है। शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने मुंबई में बिहार भवन बनाए जाने का खुल कर विरोध किया है।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता यशवंत किलेदार ने कहा कि बिहार सरकार को मुंबई में 314 करोड़ रुपए की भारी भरकम लागत से बिहार भवन बनाने की बजाय अपने राज्य के अस्पतालों को बनाना चाहिए और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए ताकि बिहार के लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में न भटकना पड़े। 

वहीं शिवसेना नेता विनायक राउत ने भी बिहार भवन के निर्माण पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि मुंबई की जमीन को हड़पने का दौर शुरू हो चुका है। शिवसेना का कहना है कि मुंबई पहले से जमीन और संसाधनों के दबाव से गुजर रहा है। कल को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में गुजरात भवन भी बनाया जा सकता है। शिवसेना के अनुसार बिहार भवन को क्षेत्रीय राजनीति से प्रेरित और मुंबई के संसाधनों पर बोझ बताया गया है। 

वहीं इस मसले पर बयान देते हुए जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने इसे उपद्रवी और हुल्लड़बाजी राजनीति करार दिया है। उन्होंने साफ किया कि ये प्रोजेक्ट महाराष्ट्र और बिहार सरकार की आपसी सहमति से तय हुआ है और किसी की गीदड़ भभकी से ये रुकने वाली नहीं है। मुंबई में बिहार भवन बनकर रहेगा। 

वहीं भाजपा प्रवक्ता प्रभाकर मिश्र ने कहा कि इस भवन का विरोध संकीर्ण राजनीति का उदाहरण है। भाजपा की नीति एक भारत श्रेष्ठ भारत की है और इसी उद्देश्य से यह सकारात्मक पहल की गई है। नकारात्मक राजनीति इसे रोक नहीं सकती। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
SIMRANJEET SINGH Diploma in media studies ( Ranchi ),8 years experience in news media, Political Expert Chief editor in Bihar News