बाढ़ से बेहाल बिहार, नेता प्रतिपक्ष ने पीएम को लिखा पत्र
तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी को लिखे अपने पत्र में कहा है कि बाढ़ प्रभावित आबादी को साफ पानी, भोजन, दवा, बिजली, पशुओं के लिए चारा और आवागमन के लिए सुरक्षित साधनों की जरुरत है। तेजस्वी ने आरोप लगाया है कि आवश्यक्ता के मुकाबले व्यवस्था काफी कम है।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में बाढ़ की विकराल समस्या को लेकर पीएम मोदी को पत्र लिखा है और मदद की अपील की है। तेजस्वी ने पीएम को लिखे पत्र में कहा कि बिहार के 20 जिले बाढ़ की चपेट में है और लाखों लोग परेशानी में हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का असर और बढ़ रहा है। तेजस्वी ने अपने पत्र में हजारों करोड़ रुपये और जान माल की क्षति का जिक्र किया है।
तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी को लिखे अपने पत्र में कहा है कि बाढ़ प्रभावित आबादी को साफ पानी, भोजन, दवा, बिजली, पशुओं के लिए चारा और आवागमन के लिए सुरक्षित साधनों की जरुरत है। तेजस्वी ने आरोप लगाया है कि आवश्यक्ता के मुकाबले व्यवस्था काफी कम है।
तेजस्वी ने बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग करते हुए कहा है कि बिहार में हर साल बाढ़ आती है लेकिन इसके स्थायी निदान के लिए अब तक काम नहीं हो सकता है। उन्होंने इसके लिए दीर्घकालीन योजना की मांग की है। तेजस्वी ने केंद्र सरकार से बिहार के लिए तत्काल 5 हजार करोड़ रुपये की मदद की मांग की है।
तेजस्वी ने बाढ़ राहत और बचाव के लिए बाढ़ प्रभावित इलाकों में सेना और वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद सुनिश्चित करने की मांग भी की है। तेजस्वी ने बाढ़ प्रभावित किसानों, मजदूरों, पशुपालकों और दूसरे परिवारों के लिए अलग से आर्थिक मदद देने की मांग की है।
तेजस्वी यादव ने पीएम से बिहार के दौरे की भी अपील की है और कहा है कि केंद्र की ओर से बिहार को तमाम जरुरी मदद मुहैया कराई जानी चाहिए। राज्य की किसी भी आर्थिक परेशानी का असर बाढ़ राहत और बचाव के कार्य में नहीं पड़ना चाहिए। तेजस्वी ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि बिहार के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0