मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 25 करोड़ की " ब्राउन शुगर " बरामद, पुलिसकर्मी भी शामिल
Bihar Crime News पटना पुलिस ने मादक पदार्थों के गोरखधंधे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान लगभग 25 करोड़ रुपए के ब्राउन शुगर को बरामद किया गया और मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
राजधानी पटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पिछले कुछ समय से लगातार राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी की घटनाएं बढ़ रहीं थीं। पुलिस ने सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू की और बड़ी सफलता प्राप्त की।
इस कार्रवाई के दौरान पटना पुलिस ने 21 किलो ब्राउन शुगर और मादक पदार्थों को बनाने वाले कच्चे माल को बरामद किया। पटना पुलिस की इस कार्रवाई को ऐतिहासिक बताया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में इन बरामद किए गए माल की कीमत लगभग 25 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ( SSP) कार्तिकेय शर्मा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी।
इस पुलिस कार्रवाई में दो तस्करों की भी गिरफ्तारी हुई है। इस कार्रवाई में भी एक हैरान करने वाला तथ्य भी सामने आया। मादक पदार्थों के इस व्यापार में बिहार पुलिस के एक जवान की संलिप्तता का भी खुलासा हुआ है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि काफी समय से पटना में नशीले पदार्थों के व्यापार और तस्करी की सूचना मिल रही थी। पुलिस इसकी " गुप्त जांच " कर रही थी। प्राप्त जानकारी के आधार पर आलमगंज थाना क्षेत्र में एक ठिकाने पर रेड की कार्रवाई की गई।
उक्त स्थान से नकद राशि और स्मैक बरामद हुआ। दो तस्कर गिरफ्तार किए गए। दोनों आरोपियों से जब पुलिस ने सख्त लहजे में पूछताछ करना शुरू किया तो मादक पदार्थों की ऐसी मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ जहां इनका निर्माण कार्य भी होता था।
पुलिस जब मिनी फैक्ट्री पहुंची तो वहां से 21 किलो से कुछ ज़्यादा हाई क्वालिटी स्मैक, 02 अवैध हथियार, कुछ जिंदा कारतूस, कुछ चेक बरामद हुए। SSP ने बताया कि जांच में एक पुलिसकर्मी की संलिप्तता की बात भी सामने आई। फिलहाल वह फरार है लेकिन जल्द ही वो पुलिस की हिरासत में होगा और कड़ी पूछताछ होगी।
SSP ने साफ किया कि किसी भी हाल में नशे का नेटवर्क बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसे जड़ से समाप्त किया जाएगा। इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0