रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर इस बार यूपी में चिराग के शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

इस बार केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अपने पिता स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के बहाने शक्ति प्रदर्शन करने की कोशिश में हैं।

Oct 3, 2026 - 18:49
 0  0
रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर इस बार यूपी में चिराग के शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान की पुण्यतिथि आठ अक्टूबर को यूपी की राजधानी लखनउ में मनाई जाएगी। ये पहला मौका होगा जब लोजपा रामविलास की ओर से इस तरह का आयोजन यूपी में होगा। लोजपा रामविलास के इस फैसले को यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से जोड़ कर देखा जा रहा है। 

यूपी में विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर केंद्रीय मंत्री और पार्टी प्रमुख चिराग पासवान कई बार संकेत दे चुके हैं। यूपी में लोजपा रामविलास लगातार अपनी सक्रियता बढ़ाता जा रहा है। कहा जा रहा है कि चिराग पासवान की नजर बहुजन समाज पार्टी के वोट बैंक पर है। वहीं चिराग पासवान यूपी के युवाओं को आकर्षित करने के लिए कुछ दिन पहले यूथ बोले जो कार्यक्रम का आयोजन कर चुके हैं, हालांकि इसे कुछ लोगों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम की नकल बता रहे हैं। 

चिराग पासवान मीडिया से बातचीत के क्रम में राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का संकेत दे चुके हैं। उनके इस संकेत के बाद से यूपी की राजनीति में चर्चा तेज है। चिराग पासवान की पार्टी ने यूपी में पंडित पासी पासवान का नारा देकर भी राज्य की सियासत में नई चर्चा पहले से छेड़ रखी है। 

चर्चा इस बात की ज्यादा हो रही है कि एक तरफ तो चिराग पासवान केंद्र और बिहार में भाजपा के साथ सरकार में साझीदार हैं और दूसरी तरफ जिस राज्य में भाजपा की एक मजबूत सरकार है, वहां पर अकेले चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। ये कैसे संभव है कि वो केंद्र और बिहार में भाजपा के साथ रहें और यूपी में अकेले चुनाव लड़ने की बात कहें ! 

हालांकि बिहार की राजनीति को जानने समझने वाले लोगों का कहना है कि चिराग पासवान अकेले सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की बात सिर्फ इसलिए कर रहे हैं ताकी वो भाजपा से देश के सबसे बड़े राज्य में कुछ सीटें हासिल कर लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
SIMRANJEET SINGH Diploma in media studies ( Ranchi ),8 years experience in news media, Political Expert Chief editor in Bihar News