क्या फिर CM बनेंगे नीतीश कुमार? चिराग पासवान का बड़ा बयान
बिहार चुनाव में एनडीए की जीत के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हैं और सत्ता समीकरण को लेकर लगातार बयान सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने एक बार फिर संकेत दिए हैं कि आगामी सरकार में नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। टीवी9 भारतवर्ष से विशेष बातचीत में चिराग ने स्पष्ट कहा कि वे मानते हैं कि एनडीए विधायक दल के नेता नीतीश कुमार को ही आगे भी नेतृत्व सौंपेंगे।
चिराग पासवान ने गठबंधन की मर्यादा का हवाला देते हुए कहा कि अभी उपमुख्यमंत्री पद और कैबिनेट विस्तार जैसे मुद्दों पर बातचीत जारी है। यह चर्चाएं पहले गठबंधन के भीतर होंगी और उसके बाद ही सार्वजनिक रूप से सामने आएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक-दो दिनों में सबकुछ साफ हो जाएगा।
जब उनसे पूछा गया कि उपमुख्यमंत्री पद किसे मिलेगा, तब उन्होंने दोहराया कि वे एलायंस की मर्यादा का सम्मान करते हैं और इस मसले पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं देंगे। चिराग ने कहा कि 2014 से अब तक उन्होंने गठबंधन की अनुशासन और गरिमा को हमेशा बनाए रखा है और आगे भी रखा जाएगा।
इंटरव्यू के दौरान चिराग पासवान ने अपनी राजनीतिक यात्रा और संघर्ष पर भी बात की। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले एलजेपी टूट चुकी थी, परिवार बिखर चुका था और पार्टी सिर्फ एक सांसद के साथ रह गई थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो विश्वास दिखाया, उसने उनकी राजनीतिक राह बदल दी। उन्होंने कहा कि पीएम ने उन पर भरोसा कर पांच सांसद जिताकर दिए, जो उनके लिए बड़ी बात है।
चिराग ने आगे बताया कि विधानसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री ने उन पर विश्वास किया। उन्होंने कहा कि शून्य विधायक वाली पार्टी को 29 सीटें देना अपने आप में बहुत बड़ा भरोसा है। इनमें से कई सीटें ऐसी थीं जो एनडीए ने लंबे समय से नहीं जीती थीं। चिराग ने बताया कि उन्होंने गठबंधन के लिए 16 नई सीटें जीतकर दीं, जबकि तीन पहले से जीती सीटें वापस लौटा दीं।
लालू परिवार में चल रहे विवाद पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। चिराग ने कहा कि परिवारिक कलह हमेशा दुखद होती है। उन्होंने बताया कि वे खुद ऐसे दौर से गुजर चुके हैं और दर्द समझते हैं। उन्होंने कहा कि लालू परिवार के सदस्यों को वे अपना भाई-बहन मानते हैं, इसलिए विवाद पर टिप्पणी नहीं करना चाहते। लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि हालात जल्द सामान्य होंगे।
एनडीए सरकार के गठन से पहले चिराग के ये बयान राजनीतिक रूप से बेहद अहम माने जा रहे हैं, खासकर इसलिए क्योंकि वे नीतीश कुमार के समर्थन को स्पष्ट संकेत दे रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0