30 मंजिला होगा मुंबई में बनने वाला बिहार भवन, जानिए इसकी खूबियों को
मुंबई में बनने जा रहे " बिहार भवन " का निर्माण भवन निर्माण विभाग, बिहार सरकार कराएगी। 30 मंजिलों का बनने जा रहा यह बिहार भवन तमाम आधुनिक सुख सुविधाओं से लैस होगा।
मुम्बई में बनने जा रहा बिहार भवन बिहार के लोगों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगा। अगर अब बिहार का कोई छात्र या नागरिक इलाज करवाने या परीक्षा देने के लिए मुम्बई जाते हैं तो उन्हें इधर उधर या सड़क पर रात गुजारने की नौबत नहीं आने वाली है। बिहार भवन बन जाने के बाद उन्हें यहीं आश्रय मिल जाएगा।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बिहार के लोगों के लिए बिहार भवन एक बड़ी सौगात होगी। बिहार भवन का निर्माण मुंबई के बेहद महत्वपूर्ण एलिफिंस्टन एस्टेट स्थित मुंबई पोर्ट ट्रस्ट क्षेत्र में होगा। दिल्ली के बिहार भवन की तर्ज पर ही इसका निर्माण होगा।
लगभग 314 करोड़ रुपए की लागत से बिहार भवन का निर्माण होगा। बेसमेंट सहित 30 मंजिल इस भवन में होंगे। मुंबई में यह 0.68 एकड़ यानी लगभग 2752.77 वर्ग मीटर जमीन पर निर्माण होगा। इसमें कुल 178 कमरे होंगे।
भवन का निर्माण और डिजाइन बनाने में मॉडर्न तकनीक, सुख सुविधाओं और वास्तु का ध्यान रखा जाएगा। आधिकारिक एवं सरकारी कार्यों से आने वालों बिहार के लोगों को यहां ठहरने की सुविधा प्राप्त होगी। अलग अलग विभागों के लिए कार्यालय, चैंबर, मीटिंग हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम आदि विकसित किए जाएंगे।
कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मुम्बई आने वाले बिहार के मरीजों और उनके परिजनों के लिए 240 बेड की क्षमता वाला डॉरमेट्री बनाया जाएगा। एक साथ 233 गाड़ियों की पार्किंग के लिए डबल डेकर पार्किंग सिस्टम डेवलप किया जाएगा।
इलाज के अतिरिक्त प्रतियोगी परीक्षाओं और खेलकूद, कला संस्कृति आदि की गतिविधियों में भाग लेने के लिए मुंबई आने वाले छात्रों और प्रतियोगियों को किफायती दर पर सुरक्षित और सुविधाजनक रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
यहां कैंटीन, कैफेटेरिया, मेडिकल रूम आदि का भी निर्माण कराया जाएगा जिससे आम लोगों को काफी सहूलियत होगी। बिहार भवन के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0