बिहार: पंचायत चुनाव दलीय आधार पर !
बिहार में इस साल होने वाले पंचायत चुनाव दलीय आधार पर कराए जा सकते हैं। पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि अगर सभी लोग चाहें तो इस प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है।
Bihar Panchayat Chunaw 2026 इस साल यानी 2026 में पंचायत चुनाव होने वाले हैं। पंचायत चुनावों को दलीय आधार पर कराने का मुद्दा बिहार विधानसभा में उठा। जारी बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने पंचायत चुनाव पार्टी सिंबल पर कराने की मांग की।
भाजपा विधायक ने सरकार से मांग की है कि इस बार का विधानसभा चुनाव पार्टियों के सिंबल पर यानी कि दलीय आधार पर करवाया जाए। इस पर जवाब देते हुए राज्य के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि अगर सभी लोगों की सहमति होगी तो इस प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है।
मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि बिहार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव बिहार पंचायती राज अधिनियम 2006 और बिहार पंचायत निर्वाचन नियमावली के आलोक में सम्पन्न कराए जाते हैं। वर्तमान में पार्टी सिंबल पर पंचायती राज के चुनाव कराने का कोई भी प्रस्ताव सरकार के स्तर पर विचाराधीन नहीं है।
पंचायती राज मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि दलीय आधार पर पंचायत चुनाव एक ऐसा मामला है जिस पर इस व्यवस्था से जुड़े तमाम हितधारकों के साथ विचार विमर्श किया जाना चाहिए। अगर राज्य के सभी राजनीतिक दलों और आम जनता इस मुद्दे पर सहमत होते हैं तो इस पर विचार किया जा सकता है।
इस पर बनमनखी के भाजपा विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि देश के कई दूसरे राज्यों में पंचायतों के चुनाव दलीय आधार पर होते हैं। पंचायत चुनावों में अभी छह महीने का वक्त बचा है। सरकार से मेरा आग्रह है कि इस बिंदु पर सभी राजनीतिक दलों के साथ विचार विमर्श किया जाना चाहिए।
बता दें कि अभी बिहार में स्थानीय चुनाव दलीय आधार पर नहीं होते। ग्राम पंचायतों में मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, पंच, बीडीसी एवं जिला परिषद् सदस्यों के चुनाव होते हैं तो वहीं नगर निकायों में मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षदों के चुनाव होते हैं। ये सभी चुनाव गैर दलीय आधार पर कराए जाते हैं।
अगर ग्राम पंचायतों के चुनाव दलीय आधार पर कराए गए तो जाहिर तौर पर नगर निकायों के चुनाव भी पार्टी सिंबल पर कराने होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0