Bihar: बिहार सरकार का नया डिजिटल दांव! ईख मित्र ऐप किसानों को कौन-सी छुपी सुविधाएँ देगा?
Bihar: बिहार सरकार के उद्योग विभाग ने गन्ना किसानों को डिजिटल सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से ईख मित्र (Eekh Mitra) ऐप विकसित किया है। इस ऐप को
Bihar: बिहार सरकार के उद्योग विभाग ने गन्ना किसानों को डिजिटल सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से ईख मित्र (Eekh Mitra) ऐप विकसित किया है। इस ऐप को तीन से चार महीने पहले लॉन्च किया गया था। इसके माध्यम से किसान घर बैठे गन्ने की उन्नत खेती, सरकारी योजनाओं और तकनीकी जानकारी तक आसानी से पहुंच सकते हैं। मजहौलिया शुगर इंडस्ट्रीज़ ने अपने क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि वे इस ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन करें। मिल प्रबंधन लगातार इस ऐप को बढ़ावा दे रहा है ताकि अधिक से अधिक किसान इससे जुड़ें और डिजिटल जानकारी का लाभ उठा सकें।
मजहौलिया शुगर इंडस्ट्रीज़ के गन्ना महाप्रबंधक शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ईख मित्र ऐप के माध्यम से किसान संतुलित उर्वरक उपयोग, रोग-कीट प्रबंधन, उन्नत किस्मों की बुवाई, क्षेत्रफल विवरण, सर्वे रिपोर्ट और गन्ना विकास से जुड़ी हर जानकारी एक क्लिक पर प्राप्त कर सकते हैं। यह ऐप किसानों को सरकारी योजनाओं—जैसे बीज अनुदान, सिंचाई अनुदान, फसल बीमा, कृषि मशीनीकरण सहायता—के बारे में समय पर सही जानकारी प्रदान करता है। इससे किसानों को न तो बार-बार मिल के चक्कर लगाने पड़ेंगे और न ही किसी अधिकारी से संपर्क में देरी होगी। डिजिटल माध्यम से उनकी सभी जानकारी सीधे मोबाइल पर उपलब्ध हो जाएगी।
मजहौलिया शुगर मिल सबसे आगे, किसानों का उत्साह बढ़ा
बिहार में ईख मित्र ऐप से जुड़ने वाले किसानों की सबसे बड़ी संख्या मजहौलिया शुगर मिल में है, जो मिल प्रबंधन की बड़ी उपलब्धि है। गन्ना मुख्य प्रबंधक अखिलेश सिंह के अनुसार, मिल के 24,000 किसानों में से 5,000 से अधिक किसानों ने पिछले दो से तीन महीनों में ऐप डाउनलोड कर अपना पंजीकरण किया है। मिल किसानों के समूह बनाकर ऐप से जोड़ने का अभियान भी चला रही है ताकि डिजिटल सुविधा अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचे। स्थानीय किसानों ने कहा कि अब सरकारी योजनाओं की सही और समय पर जानकारी घर बैठे मिल सकेगी, जिससे उन्हें लाभ उठाने में आसानी होगी। इससे किसानों का समय बचेगा और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
गन्ना उद्योग को तकनीक से मिलेगी मजबूती: उदयवीर सिंह
मजहौलिया शुगर इंडस्ट्रीज़ के यूनिट हेड उदयवीर सिंह ने कहा कि ईख मित्र ऐप गन्ना किसानों के लिए सरकार की सबसे महत्वपूर्ण डिजिटल सेवाओं में से एक है। यह न केवल उन्नत गन्ना खेती को बढ़ावा देगा, बल्कि किसानों को सरकारी सुविधाओं से सीधे जोड़कर उद्योग की कार्यप्रणाली को अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने मोबाइल फोन में प्ले स्टोर से इस ऐप को अवश्य डाउनलोड करें और इससे मिलने वाली सभी सुविधाओं का लाभ उठाएं। जितने अधिक किसान तकनीक से जुड़ेंगे, उतना ही गन्ना उत्पादन, गुणवत्ता और उद्योग का विकास होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0