जमीन के बदले नौकरी घोटाले में ईडी की दलीलें पूरी हुई, लालू परिवार पर मनी लांड्रिग के आरोप तय करने की तैयारी शुरु
बहुचर्चित लैंड फॉर जॉब घोटाले के मामले की नई अपडेट सामने आ गई है। जल्द ही लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव सहित परिवार के दूसरे सदस्यों पर मनी लांड्रिंग के आरोप तय करने की तैयारी तेज हो चुकी है।
शनिवार को नई दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित एडिशनल सेशन जज की अदालत में लैंड फॉर जॉब घोटाले में मनी लांड्रिंग के मामले में ईडी ने अपनी दलीलें पूरी की। अब इस मामले में आरोपियों की ओर से बहस शुरु होगी। यह बहस 23 मार्च से शुरु होगी और 30 मार्च तक चलेगी।
ईडी ने सुनवाई के दौरान कोर्ट में कहा कि उन्होंने जो जांच प्रक्रिया की, उसमें उन्हें कई साक्ष्य मिले जो मनी लांडिं्रग के तहत आरोप तय करने के लिए काफी हैं। ईडी ने आरोप लगाया कि रेलवे में जॉब दिलाने के बदले घूस के रुप में जमीनें लिखवाई गईं। इसका दुरुपयोग अचल संपत्तियों को खरीदने में किया गया।
इस मामले में आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और पूर्व सीएम राबड़ी देवी, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और उनके बेटे तेजस्वी यादव, लोकसभा सांसद और उनकी बेटी मीसा भारती आरोपित हैं।
कोर्ट में एजेंसी ने बताया कि यह एक आपराधिक साजिश के तहत किया गया। लालू प्रसाद यादव के परिवार के करीबी अमित कात्याल नामक शख्स की कंपनी एके इंफोसिस्टम प्राइवेट लिमटेड के नाम पर जमीनें लिखवाई गईं। पहले तो इस कंपनी के शेयर हासिल किए गए और कुछ समय के बाद इस पूरी कंपनी पर लालू परिवार का कब्जा हो गया।
एजेंसी का कहना है कि साल 2014 में इस कंपनी के सभी अधिकार और प्रॉपर्टी पर राबड़ी देवी और मीसा भारती का स्वामित्व हो गया। यह पूरा मामला वर्ष 2004 से 2009 तक है जब लालू प्रसाद यादव यूपीए सरकार में रेलमंत्री थें। रेलवे में ग्रुप डी में भर्ती के नाम पर यह सब खेल हुआ। इनमें से कई ऐसी संपत्तियां हैं जिन्हें बाजार भाव से भी कम पर लिया गया।
बता दें कि इसी साल जनवरी के महीने में स्पेशल जज विशाल गोगने ने इस मामले में लालू परिवार पर आरोप तय करते हुए कहा था कि प्रथम दृष्टया आप लोगों के विरुद्ध करप्शन, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला बनता है। लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया था और कहा था कि वो लोग ट्रायल फेस करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0