Bihar Elections: वोट डालने पहुंचे MLA पर हमला! मंझी सीट से CPI उम्मीदवार की गाड़ी तोड़ी गई
Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बीच कई जगहों से हिंसा और झड़पों की खबरें सामने आई हैं। सबसे बड़ी घटना सारण
Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बीच कई जगहों से हिंसा और झड़पों की खबरें सामने आई हैं। सबसे बड़ी घटना सारण जिले के मंझी विधानसभा क्षेत्र से आई, जहां महागठबंधन के उम्मीदवार और माकपा (CPI) के विधायक डॉ. सत्येंद्र कुमार यादव के वाहन पर हमला किया गया।
सूत्रों के अनुसार, डॉ. यादव अपने समर्थकों के साथ जैतपुर हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे थे, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया। इस दौरान वाहन की खिड़कियाँ पूरी तरह तोड़ दी गईं, और विधायक पर हमला किए जाने की भी खबर है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विधायक ने इस हमले की शिकायत दाऊदपुर थाना में दर्ज कराई है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गाड़ी की टूटी खिड़कियाँ और मंझी के लोगों में फैला तनाव स्पष्ट देखा जा सकता है।
विधायक बोले – “मुझ पर जानलेवा हमला हुआ”
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. सत्येंद्र यादव ने कहा कि उन पर जानलेवा हमला किया गया है और प्रशासन को तुरंत दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह हमला लोकतंत्र पर हमला है और इस तरह की घटनाएँ चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा कि संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। इलाके में फिलहाल अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं ताकि मतदान शांति से संपन्न हो सके।
चुनाव आयोग ने भी इस घटना का संज्ञान लेते हुए स्थानीय प्रशासन से तुरंत रिपोर्ट तलब की है।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हमला, CEC ने दिया सख्त निर्देश
पहले चरण के मतदान के दौरान एक और बड़ी घटना लखीसराय से आई, जहां बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर कथित तौर पर आरजेडी समर्थकों द्वारा हमला किया गया। विजय सिन्हा ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उनके काफिले पर अचानक पथराव किया गया, जिससे सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने बिहार के डीजीपी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। CEC ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राज्य के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भय होकर मतदान करें, क्योंकि प्रशासन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने लगाया प्रशासन पर पक्षपात का आरोप
इधर मनेर विधानसभा क्षेत्र के भाई वीरेंद्र मतदान केंद्र संख्या 79 महिनवा पर अपनी पत्नी के साथ मतदान करने पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा कर्मियों पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक गार्ड मतदान केंद्र पर मतपत्रों की जांच के दौरान पक्षपातपूर्ण व्यवहार कर रहा था। गुस्से में उन्होंने सुरक्षा कर्मी को जान से मारने की धमकी तक दे डाली, जिससे मतदान केंद्र पर तनाव फैल गया।
घटना के बाद मीडिया से बात करते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा, “पूरा बिहार आज बदलाव के मूड में है। महागठबंधन की लहर चल रही है और जनता इस सरकार को बदलने के लिए तैयार है।” वहीं, प्रशासन ने कहा है कि सभी घटनाओं की जांच की जा रही है और किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0