Bihar News: छपरा जेल में सेंध! कैदी ने दोहराई भागने की हरकत

Bihar News: बिहार के छपरा में एक कैदी के जेल से फरार होने का मामला सामने आया है। यह घटना रविवार रात (30 मार्च 2025) की है। बताया जा रहा है कि कैदी जेल की दीवार फांदकर भाग निकला। हैरानी की

Mar 31, 2025 - 14:53
 0  0
Bihar News: छपरा जेल में सेंध! कैदी ने दोहराई भागने की हरकत

Bihar News: बिहार के छपरा में एक कैदी के जेल से फरार होने का मामला सामने आया है। यह घटना रविवार रात (30 मार्च 2025) की है। बताया जा रहा है कि कैदी जेल की दीवार फांदकर भाग निकला। हैरानी की बात यह है कि उसने दूसरी बार जेल तोड़ने की वारदात को अंजाम दिया है। जैसे ही जेल प्रशासन को इसकी जानकारी मिली, पूरे विभाग में हड़कंप मच गया। फरार कैदी का नाम नितेश कुमार बताया जा रहा है, जो सिवान जिले के गोड़ियाकोटी का रहने वाला है। नितेश को कुछ दिन पहले ही चोरी और छिनैती के मामले में मंडल कारा लाया गया था।

पहले भी कर चुका है भागने की कोशिश

जानकारी के मुताबिक, नितेश कुमार को साल 2023 में ट्रैक्टर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान भी उसने जेल के गेट से भागने की कोशिश की थी और फरार हो गया था। इस बार उसने जेल की दीवार फांदकर भागने की साजिश रची। मामले की जानकारी मिलते ही भगवान बाजार थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि छपरा मंडल कारा प्रशासन की ओर से जेल ब्रेक की घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। उन्होंने कहा, "घटना रात की है, इसलिए अभी एफआईआर दर्ज की जा रही है। 18 अप्रैल को भगवान बाजार थाना क्षेत्र की पुलिस ने नितेश को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था।"

ASP ने कही जांच की बात

इस पूरे मामले पर सदर ASP राज किशोर सिंह ने कहा कि पुलिस को घटना की सूचना मिल गई है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि कैदी रात के समय जेल से फरार हुआ। पुलिस इस मामले में हर पहलू की जांच कर रही है। फिलहाल फरार कैदी की तलाश तेज कर दी गई है। ASP ने कहा कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जेल प्रशासन पर उठे सवाल

कैदी के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। जेल से कैदी के भागने की घटना पर सवाल उठने लगे हैं। आखिरकार, जेल में सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर कैसे हो गई कि एक कैदी आसानी से फरार हो गया? वहीं, इस पूरे मामले में जेल अधीक्षक राधेश्याम सुमन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। अब यह देखना होगा कि जेल प्रशासन इस मामले में क्या सफाई देता है और सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक के लिए कौन जिम्मेदार ठहराया जाता है। पुलिस लगातार फरार कैदी की तलाश में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Neha Yadav Chief Editor