Haj yatra: किशनगंज से दरभंगा तक बनेंगे नए बहुउद्देश्यीय भवन! हज यात्रियों के लिए सरकार का बड़ा फैसला
Haj yatra: पटना के 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' भवन में शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हज 2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव मोहम्मद

Haj yatra: पटना के 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' भवन में शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हज 2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव मोहम्मद सोहैल ने प्रस्तुति के माध्यम से हज यात्रियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने जिलावार हज यात्रियों की संख्या, एम्बार्केशन प्वाइंट और यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश देते हुए कहा कि हज यात्रियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि उनकी यात्रा शांतिपूर्ण और सुविधाजनक हो सके।
हज यात्रियों को हर स्तर पर मिलेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा हज यात्रियों के लिए हर वर्ष बेहतरीन व्यवस्थाएं की जाती हैं। इस बार बिहार से 2403 हज यात्री मक्का की यात्रा पर जाएंगे जिनमें 1391 पुरुष और 1012 महिलाएं शामिल हैं। इन यात्रियों को देश के 10 अलग-अलग हवाई अड्डों से हज यात्रा पर भेजा जाएगा। यात्रा से पहले बिहार सरकार द्वारा उनके ठहराव, भोजन और परिवहन जैसी बुनियादी जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमों की नियुक्ति की गई है जो राज्य के विभिन्न स्थानों पर हज यात्रियों की व्यवस्था पर नजर रखेंगी।
किशनगंज जैसे और जिलों में भी बनेंगे बहुउद्देश्यीय भवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हज भवन, पटना की तर्ज पर किशनगंज में भी बहुउद्देश्यीय भवन बनाकर हज यात्रियों के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। यहां पर रुकने की सुविधा, भोजन, पासपोर्ट जांच, टीकाकरण और विदेशी मुद्रा विनिमय की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसी प्रकार की व्यवस्थाएं अब सीतामढ़ी, दरभंगा और अन्य जिलों में भी की जाएंगी ताकि किसी भी जिले के हज यात्री को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यात्रियों को किसी भी दस्तावेजी प्रक्रिया में परेशानी न हो इसका खास ध्यान रखा जाए।
1 मई को होगा 'दुईया मजलिस' का आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर साल हज यात्रा से पहले 'दुईया मजलिस' नामक शुभकामना सभा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष यह समारोह 1 मई को हज भवन, पटना स्थित मौलाना मजहरुल हक ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इस सभा में हज पर जाने वाले यात्रियों को शुभकामनाएं दी जाती हैं और उन्हें यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाती हैं। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री स्वयं हज भवन का दौरा करेंगे और 'दुईया मजलिस' के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह कार्यक्रम श्रद्धा और सम्मान के साथ आयोजित हो ताकि हज यात्री खुद को विशेष महसूस करें।
What's Your Reaction?






