24 अप्रैल को तेजस्वी यादव का सम्मान समारोह
राष्ट्रीय जनता दल, पंचायती राज प्रकोष्ठ ने चिट्ठी जारी कर तेजस्वी यादव का सम्मान समारोह मनाए जाने की घोषणा की है। इसे विधानसभा चुनाव के बाद राज्यसभा चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।
Tejashvi Yadav News : आगामी 24 अप्रैल, 2026 को राष्ट्रीय जनता दल, प्रदेश कार्यालय में तेजस्वी यादव का सम्मान समारोह मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम पंचायती राज दिवस के दिन होगा। राष्ट्रीय जनता दल, पंचायती राज प्रकोष्ठ की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
राजद पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद विद्यार्थी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि दिनांक 24 अप्रैल, 2026 को पार्टी कार्यालय में पंचायती राज दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव को सम्मानित किया जाएगा।
राजद पंचायती राज प्रकोष्ठ ने अपने सभी जिलाध्यक्षों, प्रधान महासचिवों, प्रदेश पदाधिकारियों, प्रखंड अध्यक्षों के नाम जारी इस पत्र में 24 अप्रैल को बड़ी संख्या में राजधानी पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित कार्यालय के जननायक कर्पूरी ठाकुर सभागार में उपस्थित होने का आह्वान किया है। यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 11:30 बजे से प्रारंभ होगा।
बता दें कि पिछले कुछ महीने राजद के लिए अच्छे नहीं रहे हैं। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राज्यसभा चुनाव में भी राजद को निराशा हाथ लगी। कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा हुआ है। राजद के समर्थक हतोत्साह हैं। ऐसे में तेजस्वी यादव का सम्मान समारोह कार्यकर्ताओं के मनोबल को ऊंचा करने वाला कदम बताया जा रहा है।
हालांकि राजद के भीतर तेजस्वी यादव का कद मजबूत हुआ है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उन्हें सर्वसम्मति से राजद का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0