JDU का नया कैप्टन कौन, नीतीश पर सस्पेंस, जारी हुआ चुनाव कार्यक्रम

जनता दल यूनाइटेड ने पार्टी में चुनाव के लिए पूरा कार्यक्रम जारी किया है। इसके अनुसार 22 मार्च तक राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन हो सकेगा। 23 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 24 मार्च को नाम वापसी की तारीख है। अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार नामांकन करते हैं तो 27 मार्च को मतदान कराया जाएगा। हालांकि ऐसी कोई संभावना नहीं है कि एक से ज्यादा प्रत्याशी नामांकन करें।

Mar 17, 2026 - 15:47
Mar 17, 2026 - 15:48
 0  0
JDU का नया कैप्टन कौन, नीतीश पर सस्पेंस, जारी हुआ चुनाव कार्यक्रम

Bihar Politics बिहार में राजनीति और राजनीति से जुड़ी खबरें कभी खत्म नहीं होती। कुछ दिनों तक बिहार विधानसभा का चुनाव चला, तेजस्वी का राजद का कार्यकारी अध्यक्ष बनना...फिर नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री का पद छोड़कर राज्यसभा जाना, फिर राज्यसभा के लिए चुनाव होना और अब जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव.... खबरों की कोई कमी नहीं होती। 

बिहार के सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड को जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। उधर राज्यसभा के लिए वोटिंग हो रही थी और इधर जेडीयू ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनावों के लिए पूरा शेड्यूल जारी कर दिया। अब सबसे बड़ा सवाल है कि जेडीयू को कोई नया अध्यक्ष मिलने जा रहा है या फिर नीतीश कुमार ही फिर से कमान संभाल लेंगे। वर्तमान में नीतीश कुमार ही जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। 

उधर जैसे ही जनता दल यूनाइटेड में चुनाव का कार्यक्रम जारी हुआ, पार्टी में गतिविधियां तेज हो गईं। पटना से लेकर रांची और नई दिल्ली तक जनता दल यूनाइटेड के कार्यालयों और नेताओं के आवास पर हलचल देखी गई। 

जनता दल यूनाइटेड ने पार्टी में चुनाव के लिए पूरा कार्यक्रम जारी किया है। इसके अनुसार 22 मार्च तक राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन हो सकेगा। 23 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 24 मार्च को नाम वापसी की तारीख है। अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार नामांकन करते हैं तो 27 मार्च को मतदान कराया जाएगा। हालांकि ऐसी कोई संभावना नहीं है कि एक से ज्यादा प्रत्याशी नामांकन करें।

आम तौर पर राजनीतिक दलों के चुनाव में सर्वसम्मति से ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्वाचन हो जाता है। बीते दिनों कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में मतदान की नौबत आई थी। मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरुर के बीच मुकाबला हुआ था। 

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नीतीश कुमार फिर से जेेेेेेेेेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे या फिर कोई नया चेहरा जेडीयू की बागडोर संभाल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सीएम नीतीश कुमार का जेडीयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है क्योंकि नीतीश कुमार ही वो एकमात्र चेहरा हैं जो जेडीयू को एकजुट रख सकते हैं। अगर 24 मार्च तक सिर्फ एक नामांकन ही आता है तो उसी दिन जेडीयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित हो जाएगा।

हालांकि अगर नीतीश कुमार खुद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से इंकार करते हैं तो दूसरा नाम किसका होगा, इस पर सस्पेंस बरकरार है। नीतीश कुमार भले ही बिहार छोड़कर दिल्ली जा रहे हो लेकिन उनकी पार्टी में उनके कद और पद को चुनौती देने वाला कोई नहीं है। फिर भी अगर वरीयता क्रम को आधार मानें तो उनके बाद संजय झा जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं। अगर नीतीश कुमार किसी वजह से अध्यक्ष बनने से इंकार करते हैं तो जेडीयू की कमान संजय झा को मिल सकती है। 

संजय झा के अलावा केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह भी जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हो सकते हैं। ललन सिंह पहले भी जेडीयू के अध्यक्ष रह चुके हैं। सीएम नीतीश कुमार के बाद जेडीयू में वो सबसे प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। 

नीतीश कुमार द्वारा बिहार की सत्ता छोड़ने के बाद जेडीयू को एकजुट रखना किसी चुनौती से कम नहीं है। नीतीश कुमार के लिए विपक्ष अब कोई चुनौती नहीं बचा है। चुनौती तो उन्हें उन्हीं लोगों से मिलने वाली है जिनके वो साथ हैं या फिर वो लोग जो उनके साथ हैं..... 

फिलहाल जेडीयू में गतिविधियां तेज हैं। संगठन से जुड़े नेताओं में हलचल है। नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के चौथे चरण में जिलों का दौरा कर रहे हैं। नीतीश कुमार की यात्रा के बाद सब साफ हो जाएगा कि जेडीयू का अगला कैप्टन कौन होगा ? नीतीश कुमार के हाथ में ही रहेगी जेडीयू की बागडोर या फिर कोई नया चेहरा संभालेगा मोरचा ! 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
SIMRANJEET SINGH Diploma in media studies ( Ranchi ),8 years experience in news media, Political Expert Chief editor in Bihar News