बिहार में मौसम और राजनीति कब बदलेगी ! तेजस्वी या तेजप्रताप, कौन लाएगा बदलाव
बिहार का मौसम और राजनीति दोनों ठंडी पड़ी हुई है। मकर संक्रांति के बाद मौसम और राजनीति दोनों में थोड़ी गर्मी आने के आसार दिखाई पड़ रहे हैं
बिहार में ठंड बढ़ती ही जा रही है उधर राजनीति भी ठंडी पड़ी हुई है। राजनीति में थोड़ी गर्माहट न हो तो मजा नहीं आता...और ठंड वाला मौसम तो अब बदलना ही चाहिए..
सबसे पहले बात कर लेते हैं मौसम की...कब बदलेगा बिहार का मौसम...हमारे बड़े बूढ़े कहते थें कि मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी के बाद मौसम की ठंडक कम होने लगती है, वैसे बिहार की राजनीति में भी मकर संक्रांति के बाद या कह लें कि मकर संक्रांति के दिन से ही गर्माहट आनी शुरू हो जाती है...
वैसे अभी मौसम की ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले एक दो दिनों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। पारा अभी और नीचे लुढ़क सकता है। वैसे सरस्वती पूजा तक का इंतजार कर लेना चाहिए। मां सरस्वती का आगमन होगा और मौसम की ठंडक धीरे धीरे समापन की ओर पहुंच जाएगी।
अब बात कर लेते हैं राजनीतिक तापमान की...14 जनवरी और 15 जनवरी को मकर संक्रांति का चूड़ा दही चलेगा। नेता एक दूसरे के यहां आयेंगे और जायेंगे। बातें होंगी, मुलाकातें होंगी, साथ में सौगातें भी होंगी...थोड़ी थोड़ी सियासी तापमान में गर्माहट आएगी...
सबसे ज्यादा चर्चा तो तेजप्रताप के मकर संक्रांति के चूड़ा दही भोज की रहने वाली है। चुन चुन कर तेजप्रताप यादव ने एनडीए के नेताओं को अपने चूड़ा दही भोज का आमंत्रण निमंत्रण दिया है और तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की है।
उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और मंत्री दीपक प्रकाश कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह, जीतन राम मांझी के मंत्री पुत्र संतोष कुमार सुमन का नाम इस लिस्ट में शामिल है।
तेजप्रताप की कोई तस्वीर इंडिया गठबंधन के नेताओं या राजद के नेताओं के साथ सामने नहीं आई है। जाहिर तौर पर फिर कयास लगाए जाएंगे कि अब तेजप्रताप एनडीए के खेमे में जाने के लिए बेचैन हैं। फिल्डिंग इसी के लिए सेट की जा रही है।
लालू के लाल वो भी कमाल...तेजप्रताप यादव इस साल के सबसे चर्चित और राजनीति में गर्माहट लाने वाले नेता बनने जा रहे हैं।
तो बिहार के मौसम और बिहार की राजनीति का मजा लेते रहिए...मौसम और राजनीति की एक खासियत होती है...यह समय समय पर बदलता रहता है। बिहार में भी मौसम बदलेगा और राजनीति भी...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0